उत्‍तराखंड से भाजपा के दिनेश आर्य जाएंगे राज्‍यसभा

पार्टी ने नैनीताल के पूर्व जिलाध्यक्ष को प्रत्याशी घोषित कर खेल दिया दलित कार्ड

मौजूदा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को हो रहा समाप्त

देहरादून। उत्‍तराखंड से भाजपा के दिनेश आर्य राज्‍यसभा जाएंगे। मौजूदा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। नैनीताल के पूर्व जिलाध्यक्ष आर्य को प्रत्‍याशी घोषित कर पार्टी ने दलित कार्ड खेल दिया है। बतौर पार्टी प्रत्याशी उनके नाम की रविवार दोपहर आधिकारिक घोषणा की गई। मंगलवार (6 अक्तूबर) को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। जबकि सात अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच और नौ अक्तूबर तक नाम वापसी होगी। 16 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान और शाम 5 बजे बाद मतगणना होगी।
भाजपा हाईकमान ने प्रत्याशी चयन के मामले में एक बार फिर चौंकाया है। पार्टी नेतृत्व ने उत्तराखंड में रिक्त हो रही राज्यसभा सीट के लिए दिनेश आर्य को टिकट थमाया है। अभी तक लाइमलाइट से दूर रहे आर्य का नाम भाजपा के अधिकांश लोगों के लिए भी अजनबी था। वे पिछले दो दशक से ज्यादा समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे राज्‍यस्‍तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्‍यक्ष भी हैं। वे साल-2022 में नैनीताल से विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट के दावेदार भी थे। इसके अलावा वे पूर्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी भी रह चुके हैं।
मौजूदा माहौल और पिछले दिनों हल्द्वानी शुद्धिकरण कांड के बाद भाजपा पर लगे दलित विरोधी होने संबंधी आरोपों के बाद दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आर्य अनुसूचित जाति से आते हैं। ऐसे में उन्हें आगे करना भाजपा की दलित विरोधी आरोपों की काट के तौर पर देखा जा रहा है। दिनेश आर्य का निर्विरोध राज्यसभा सदस्य बनना तय माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस समेत विपक्ष चुनाव मैदान में उतरने की स्थिति में नहीं है।