हेलंग डैम साइट पर भूस्‍खलन, 12 मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर

करीब 50 मजदूर कर रहे थे काम, आठ को उपचार के बाद दी छुटटी

पीपलकोटी (चमोली)। विष्‍णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के हेलंग में डैम साइट पर हुए भूस्‍खलन में 12 मजदूर घायल हो गए। इनमें से झारखंड निवासी एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे श्रीनगर बेस अस्‍पताल रेफर कर दिया गया है। जबकि आठ श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी है।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे टीएचडीसी की इस परियोजना पर 50 मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से भूस्‍खलन शुरू हो गया। इससे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन, 12 मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंचे तहसील प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। सभी घायलों को टीएचडीसी के प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र ले जाया गया। वहां आठ श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी गई। शेष चार घायलों को स्‍वामी विवेकानंद धर्मार्थ अस्‍पताल पीपलकोटी ले जाया गया। इनमें से झारखंड निवासी नत्‍थू राउत उम्र 45 वर्ष की हालत गंभीर होने डाक्‍टरों ने श्रीनगर गढ़वाल बेस अस्‍पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीपलकोटी में उपचाराधीन मजदूरों में प्रवीण प्रकाश (34) निवासी उर्गम, ज्‍यातिर्मठ, पवन सिंह (30) निवासी सौरमठ, टिहरी और आकाश (20) निवासी लखीमपुर खीरी उत्‍तरप्रदेश शामिल है।