छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिरी छात्रा, हालत गंभीर

छात्रा के परिजनों ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग से की शिकायत, जांच के निर्देश
छात्रा के परिजन आगरा के हैं निवासी, छात्रा अस्पताल में भर्ती

देहरादून। एक संस्थान में अध्ययनरत आगरा निवासी बालिका के माता-पिता ने उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना से मिले तथा अपनी पुत्री के साथ घटित गंभीर घटना के संबंध में शिकायत दी। मामला संस्थान से छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने का है। इस मामले पर आयोग ने जांच के निर्देश संबंधित विभाग को दिए हैं।
अभिभावकों ने आयोग की अध्यक्ष को बताया कि उनकी पुत्री इस संस्थान से संबद्ध छात्रावास की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद संस्थान व छात्रावास प्रबंधन ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। अभिभावकों को घटना की जानकारी किसी अन्य छात्रा के दूरभाष के जरिये मिली। बालिका को गंभीर अवस्था में दून अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मैक्स अस्पताल रेफर किया गया और वर्तमान में उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के समय छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर थी। रात्रि में छात्रावास परिसर के बाहर कोई सुरक्षा कर्मी अथवा चौकीदार मौजूद नहीं था। आरोप है कि इस घटना की सूचना समय पर अभिभावकों, पुलिस अथवा अन्य संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई।
परिजनों ने आयोग से अनुरोध किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। इस संबंध में आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि यह संवेदनशील मामला है, जिसमें एक बालिका का जीवन संकट में है। आयोग आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति करेगा।