Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

September 2, 2026

नगर निगम के नवनियुक्त आयुक्त से मिला संयुक्त नागरिक संगठन का प्रतिनिधिमंडल

देहरादून। संयुक्त नागरिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के नवनियुक्त मुख्य नगर आयुक्त से उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने मुख्य नगर आयुक्त से शहर के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा भी की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर आयुक्त से शहर में जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और नागरिक जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। संगठन के सदस्यों ने सुझाव दिया कि समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जा सकते हैं, जिनसे नागरिकों, युवाओं और वरिष्ठजनों की भागीदारी बढ़े तथा शहर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिले।
मुख्य नगर आयुक्त ने नगर निगम में शुरू की जा रही पहल की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम के कार्यों में विशेषज्ञों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। उद्यान एवं हरित विकास (हॉर्टिकल्चर) के क्षेत्र में विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं, जिससे वैज्ञानिक तरीके से यह निर्धारित किया जा सके कि किस क्षेत्र में कौन-से पौधे लगाए जाएं, उनकी देखभाल और छंटाई किस प्रकार की जाए तथा शहर के हरित क्षेत्रों को और बेहतर बनाया जा सके।
इसके अतिरिक्त शहर में साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल ट्रैक के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन की ओर से सुझाव दिया गया कि सहस्त्रधारा रोड सहित प्रमुख मार्गों को आसपास की कॉलोनियों और गलियों से साइकिल ट्रैक नेटवर्क के माध्यम से जोड़ा जाए। इसके लिए जीआईएस आधारित लोकेशन मैपिंग और विशेषज्ञों की सहायता से बेहतर योजना तैयार की जा सकती है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिल सके।
इस अवसर पर संयुक्त नागरिक संगठन के शिष्टमंडल में संगठन अध्यक्ष ब्रिगेडियर केजी बहल, डॉक्टर उमेश सक्सेना, एसपी चौहान, उमेश्वर सिंह रावत, दिनेश भंडारी, एसएस गोसाई, नरेश चंद्र कुलाश्री, विनोद चौहान, ठाकुर शेर सिंह, जगमोहन मेहंदीरता, गिरीश चंद्र भट्ट, डॉ. राकेश डंगवाल, एसपी चौहान, अवधेश शर्मा, नवीन सडाना, सचिव सुशील त्यागी आदि शामिल थे।