रुड़की में रक्षाबंधन की तैयारी कर रही दो बहनों को भाई ने गोलियों से भूना, परिजनों में कोहराम, आरोपी फरार
रुड़की। पनियाला रोड पर मंगलवार शाम एक भाई ने एक ही शहर में अलग-अलग स्थानों पर रह रही अपनी दो सगी बहनों को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। साथ ही आरोपी ने बहन के पति पर फायर झोंक जख्मी कर फरार हो गया। घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
घटनाक्रम के अनुसार संगीता उर्फ शकुंतला (उम्र 50) शहर के पनियाला रोड स्थित प्रीत विहार में रह रही थी। मंगलवार शाम करीब 7:20 बजे वह घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड पर ई-रिक्शा से कहीं जा रही थी। इसी दौरान उसका भाई मौके पर पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर करीब 20 मिनट के अंतराल पर सुभाषनगर पहुंचा, जहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा (उम्र 42) रहती थी। आरोपी के पहुंचने पर जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, उसने उस पर भी गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर पुष्पा के पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली संदीप के कंधे पर लगी। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल संदीप का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारकर हत्या कर दी गई है जबकि एक व्यक्ति घायल है। वारदात के कारणों की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। आरोपी का फोन नंबर सर्विलांस पर लगा दिया गया है। साथ ही आरोपी के दोस्तों से भी संपर्क साधा जा रहा है।
