नेपाली कांग्रेस की कमान 50 वर्षीय गगन थापा के हाथों में आई

 

काठमांडू। नेपाली कांग्रेस के15वें महासम्मेलन में पार्टी की कमान 50 वर्षीय गगन कुमार थापा को सौंपी गई। उन्‍होंने 6,584 भारी मतों से शानदार जीत दर्ज कर पार्टी के नए अध्यक्ष की कमान अपने हाथों में ली। जबकि प्रतिद्वंद्वी श्याम कृष्ण खड्गी को मात्र 375 वोट मिले। इसके अलावा, विश्व प्रकाश शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पुष्पा भुसाल महिला उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। कुल 7,013 प्रतिनिधियों ने इस चुनाव में हिस्सा लिया।

इस ऐतिहासिक नेतृत्व परिवर्तन के पीछे एक बेहद भावुक और दूरदर्शी अध्याय जुड़ा है। दिसंबर 2021 में, कांग्रेस के दिवंगत नेता प्रदीप गिरि ने गगन थापा और विश्व प्रकाश शर्मा को “बैलों की जोड़ी” बताया था, ‘जिन्हें मिलकर पार्टी का रथ आगे बढ़ाना चाहिए’। उन्होंने दोनों को युवा, योग्य और भावुक बताते हुए कहा था कि ‘जैसे खेत जोतने के लिए दो बैलों को एक साथ रखा जाता है, वैसे ही आप दोनों को कांग्रेस रूपी हल को आगे खींचना चाहिए’।
आज दिवंगत नेता प्रदीप गिरि का वह प्रतीकात्मक सपना जीवंत हो उठा है। गगन थापा अध्यक्ष और विश्व प्रकाश शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में पार्टी का मार्गदर्शन करेंगे। इस महासम्मेलन के माध्यम से अब 232 सदस्यीय केंद्रीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया जाएगा, जिससे पार्टी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।