जेपी नड्डा का सुक्खू सरकार पर निशाना ; बोले- हिमाचल को हक से ज्यादा धन दिया

 

मनाली/पतलीकूहल। केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के पतलीकूहल में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे। कहा- केंद्र ने हिमाचल को हक से ज्यादा पैसा दिया है, लेकिन सुक्खू सरकार को वह धन खर्च करना ही नहीं आता। केंद्र की योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल को अटल टनल, फोरलेन, एम्स, मेडिकल कॉलेज और आपदा में हजारों करोड़ की मदद दी, लेकिन राज्य सरकार केवल रोना रो रही है। विकास के बजाय कांग्रेस सरकार सिर्फ झूठी घोषणाएं कर रही है। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता को सच्चाई बताएं और 2027 के लिए अभी से कमर कस लें। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों को भारत के इतिहास में स्वर्णिम बताते हुए कहा कि ये वर्ष विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाले परिवर्तनकारी कालखंड रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में हिमाचल प्रदेश को विकास की नई रफ्तार मिली है, विशेषकर सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।