जयराम ठाकुर का हिमाचल में नए जिलों के गठन पर सरकार पर निशाना

 

मंडी [दून पोस्‍ट]। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से जो गारंटियां और वादे किए थे, वे आज तक धरातल पर नहीं उतरे। लेकिन, अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए अगले चुनाव से ठीक पहले अब नई-नई गारंटियों और घोषणाओं का ढोंग रचा जा रहा है। इन झूठी घोषणाओं से पहले कम से कम सोचना जरूर चाहिए था।

उन्होंने नए जिलों के गठन के मुद्दे पर सरकार की मंशा पर कड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार को जनहित में वास्तव में नए प्रशासनिक जिलों का गठन करना ही था, तो यह कार्य अपने पांच साल के कार्यकाल की शुरुआत में कर देते। अब जबकि चुनावी वर्ष नजदीक आ है, ऐसे में इस तरह के काल्पनिक और अव्यवहारिक निर्णय लेने के पीछे के मकसद को प्रदेश की जनता अच्‍छी तरह समझती है।

जनगणना की प्रक्रिया के बीच ऐसा निर्णय समझ से परे
जयराम ठाकुर ने प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि इस समय देशभर में जनगणना की प्रक्रिया चल रही है, जिसके चलते सभी प्रकार की प्रशासनिक और राजस्व सीमाओं को पूरी तरह से फ्रीज कर दिया गया है। ऐसी कानूनी स्थिति और संवैधानिक परिस्थितियों के बीच नए जिलों के पुनर्गठन या इसके लिए किसी आयोग के गठन का निर्णय लेना किसी भी दृष्टिकोण से सभी की समझ से परे है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार मुख्य विपक्षी दल होने के नाते इस पूरे विषय पर पार्टी संगठन के भीतर गहराई से चर्चा करेगी और उसके पश्चात आधिकारिक तौर पर अपनी आगामी राजनीतिक एवं प्रशासनिक प्रतिक्रिया जनता के समक्ष रखेगी।