7000 आगंतुक बने प्रदर्शनी के गवाह
लघु उद्योग भारती और एम्पटेक इंडिया की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी संपन्न
हरिद्वार। लघु उद्योग भारती और एम्पटेक इंडिया की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी शनिवार को समाप्त हो गई। इसमें 12 प्रदेशों के 170 दवा निर्माताओं ने स्टॉल लगाए। जबकि 7000 आगंतुकों ने प्रदर्शनी में भाग लिया। इसके लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान बेगमपुर, बहादराबाद इकाई का भी गठन किया गया।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री रोहित भाटिया ने कहा, विकास भवन के सामने स्थित सिडकुल में आयोजित प्रर्दशनी में आगंतुकों ने आधुनिक मशीनों का अवलोकन कर प्रदर्शनी का भरपूर लाभ उठाया। इस आयोजन में देशभर से फार्मा मशीनरी और टेस्टिंग मशीनरी निर्माताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनी का उददेश्य, छोटे छोटे उद्योगों को एक मंच उपलब्ध करवाना था। साथ ही प्रदेश के युवाओं को उद्यम लगाने के लिए प्रेरित करना था। इसके अलावा प्रदर्शनी, नए विचारों को प्रदर्शित करने का एक प्रभावी माध्यम भी है। जो ग्राहकों और उत्पादकों को सीधे जोड़ता है। उन्होंने कहा, प्रदर्शनी में जयपुर, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के दवा निर्माताओं ने स्टॉल लगाए थे। साथ ही बाहरी उद्यमियों ने हरिद्वार जिले में उद्योग लगाने के
अवसरों को भी तलाशा। इस दौरान कई उद्यमियों ने जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों से भी बात की। प्रर्दशनी के सफल आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष डा बिजय सिंह तोमर ने जिला प्रशासन, उद्योग केंद्र के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन समेत हरिद्वार जिला कार्यकारिणी का विशेष आभार जताया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित त्यागी, हरिद्वार जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर, जिला महामंत्री निखिल गोयल, हरिद्वार ग्रामीण के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, उपाध्यक्ष विनय शर्मा, गजेंद्र सिंह, पीके बंसल, निखिल जैन, पुरोषोतम,अनित मिश्रा, समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।
बेगमपुर ईकाई गठित
हरिद्वार। प्रदर्शनी के दौरान लघु उद्योग भारती के लीप पोर्टल की भी भागीदारी रही। जिसमें कई नई सदस्यों ने लघु उद्योग भारती की सदस्यता ली।
सुरजीत सिंह भुल्लर को बेगमपुर ईकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। महामंत्री का दायित्व रूपलाल यादव और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संजीव श्रीवास्तव को दी गई। इसके अलावा ललित चोहान को संयुक्त महामंत्री नामित किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष सुरजीत भुल्लर ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी।
