Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 31, 2026

गोली लगने पर हेड कांस्टेबल की मौत

 

– मौके से साक्ष्य जुटाकर पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी

ऋषिकेश। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर गार्ड ड्यूटी में तैनात पुलिस लाइन देहरादून के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार की कार्बाइन से गोली लगने से मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

पुलिस के अनुसार 25 मई की देर रात करीब चौकी जॉलीग्रांट के माध्यम से थाना रानीपोखरी को सूचना मिली कि नागाघेर रानीपोखरी निवासी हेड कांस्टेबल सुनील कुमार को गोली लगने के बाद जॉलीग्रांट अस्पताल लाया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रानीपोखरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। घटनास्थल पर एफएसएल एवं फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। अस्पताल में भी एफएसएल टीम ने शव का निरीक्षण किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

मृतक के पुत्र तुषार ने पुलिस को बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब होने पर उन्होंने अपने पिता को फोन किया था। सूचना मिलने पर सुनील कुमार रात करीब 9:15 बजे ड्यूटी से घर पहुंचे। घर का गेट खटखटाने के बाद आंगन में जूते उतारते समय उनके गिरने और गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर पहुंचे तो सुनील कुमार खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।