एशियाई खेलों की पूर्व चैंपियन राही ने पिस्टल स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया
देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सोमवार को एशियाई खेलों की पूर्व चैंपियन राही सरनोबत ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल-4 (टी4) में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को पछाड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इस ट्रायल का आयोजन भारत की एशियाई खेलों की निशानेबाजी टीम के चयन के लिए किया जा रहा है।
ओलंपियन राही पूरे फाइनल के दौरान लय में नजर आईं। उन्होंने 37 निशाने के साथ शीर्ष स्थान पक्का किया। मनु भाकर 35 निशाने के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि कर्नाटक की दिव्या टीएस ने 29 निशाने के साथ कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के मुताबिक तमिलनाडु की निवेदिता वी. नायर 24 निशाने के साथ चौथे स्थान पर रही। ओलंपियन रिदम सांगवान 22 निशाने के साथ पांचवें स्थान पर रही जबकि पंजाब की अर्शदीप कौर ने 18 निशाने के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र की अभिद्न्या अशोक पाटिल 13 निशाने के साथ सातवें स्थान पर रही, जबकि क्वालीफिकेशन में 586 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने वाली मध्य प्रदेश की चिंकी यादव फाइनल में नौ हिट्स के साथ आठवें स्थान पर खिसक गईं।
मनु क्वालीफिकेशन में दूसरे (584) जबकि अर्शदीप कौर और राही सरनोबत ने क्रमशः 579 (20 एक्स) और 579 (18 एक्स) अंकों के साथ तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय रैंकिंग में विश्व रिकॉर्डधारी और म्यूनिख विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता ईशा सिंह ने ट्रायल में हिस्सा न लेने के बावजूद शीर्ष स्थान बरकरार रखा। मनु भाकर दूसरे स्थान पर बनी रही।
इस जीत से राही सरनोबत तीसरे स्थान पर पहुंच गईं जबकि दिव्या तीसरे से चौथे पायदान पर खिसक गयी। रिदम सांगवान पांचवें स्थान पर बनी हुई है तो वहीं चिंकी यादव ने क्वालीफिकेशन में शानदार प्रदर्शन के दम पर नौवें से छठे स्थान पर छलांग लगाई। टी4 राइफल और पिस्टल ट्रायल एशियाई खेलों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। सितंबर-अक्टूबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों की 28 निशानेबाजी स्पर्धाओं में भारत की ओर से 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाज हिस्सा लेंगे।
बारह सदस्यीय शॉटगन टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जबकि राइफल और पिस्टल टीमों का चयन मौजूदा ट्रायल समाप्त होने के बाद किया जाएगा। अब मंगलवार को चार फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल तथा पुरुष और महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धाएं शामिल हैं।
