Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 30, 2026

हिमाचल प्रदेश में ट्रेनी डॉक्टरों का वेतन 78 फीसदी बढ़ा, अब मिलेंगे 60 हजार रुपये प्रतिमाह

 

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट) और कांट्रेक्ट मेडिकल ऑफिसरों के वेतन में भारी बढ़ोतरी कर दी है। जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर का मासिक वेतन 78 फीसदी बढ़ाकर 33,660 रुपये से 60 हजार रुपये कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इस फैसले से विशेषज्ञ चिकित्सकों को सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और दूरदराज क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्ष 2022 में छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट) का वेतन लगभग 27 हजार रुपये से बढ़ाकर 33,660 रुपये किया गया था। अब वर्तमान सरकार ने इसमें सीधे 78 फीसदी की बढ़ोतरी करते हुए इसे 60 हजार रुपये कर दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विशेषज्ञ डॉक्टरों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की ओर आकर्षित करना और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार इससे पहले भी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों के स्टाइपेंड में वृद्धि कर चुकी है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का स्टाइपेंड 40 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये, द्वितीय वर्ष का 45 हजार से 60 हजार रुपये और तृतीय वर्ष का 50 हजार से बढ़ाकर 65 हजार रुपये किया गया है।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट के स्टाइपेंड में भी 50 से 170 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा चुकी है। सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर स्पेशलिस्ट का मासिक स्टाइपेंड 60-65 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये और सुपर स्पेशलिस्ट और सीनियर रेजिडेंट (सुपर स्पेशलिस्ट) का स्टाइपेंड बढ़ाकर 1.30 लाख रुपये किया गया है।