आयुर्वेदाचार्य व पूर्व राष्ट्रपति के निजी चिकित्सक वैद्य बालेंदु प्रकाश का निधन
देहरादून। आयुर्वेदाचार्य, पद्मश्री से सम्मानित एवं पूर्व राष्ट्रपति केआर नारायणन के निजी चिकित्सक रहे 67 वर्षीय वैद्य बालेंदु प्रकाश अब नहीं रहे। शुक्रवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। उनकी पुत्री वैद्य शिखा प्रकाश ने बताया कि बीते कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था।
रस शास्त्र के विशेषज्ञ वैद्य बालेंदु प्रकाश ने पारंपरिक आयुर्वेद को वैज्ञानिक प्रमाणों और आधुनिक शोध से जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया है। आयुर्वेद में उनके विशिष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 1999 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।
वैद्य बालेंदु प्रकाश पिछले कुछ वर्षों से रुद्रपुर में रह रहे थे। यहां उन्होंने पादाव स्पेशियलिटी आयुर्वेदिक ट्रीटमेंट सेंटर की स्थापना कर आयुर्वेद चिकित्सा और शोध को नई दिशा दी। कैंसर और अग्न्याशय (पैंक्रियास) से जुड़े रोगों के आयुर्वेदिक उपचार पर उनके शोध को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। उन्होंने विभिन्न विश्वविद्यालयों और सीएसआइआर संस्थानों के साथ मिलकर कई शोध परियोजनाओं पर काम किया। आयुर्वेदिक भस्म और अन्य पारंपरिक औषधियों के वैज्ञानिक अध्ययन और उनके चिकित्सकीय उपयोग को प्रमाणित करने में भी उनकी खास भूमिका रही।
