Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 30, 2026

भाजपा की राष्‍ट्रीय टीम में उत्‍तराखंड की धमक, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में प्रदेश से चार नाम, यूपी से आठ पदाधिकारियों का ऐलान

 

 

देहरादून। भाजपा ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। 65 सदस्‍यों की नई टीम में चार चेहरे, एक करोड़ की आबादी वाले उत्‍तराखंड से लिए गए हैं। जबकि करीब 20 करोड़ की आबादी वाले उत्‍तरप्रदेश से आठ सदस्‍यों को जिम्‍मेदारी दी गई है। हिमाचल प्रदेश से राष्‍ट्रीय टीम में किसी को भी नहीं लिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की घोषणा की गई।

13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में उत्‍तराखंड से पूर्व मुख्‍यमंत्री तीरथ सिंह रावत को शामिल किया गया है। 10 मार्च 2021 को इन्‍होंने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। फरवरी 2013 से दिसम्बर 2015 तक उत्तराखण्ड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। चौबट्टाखाल से यह विधायक (2012-2017) भी रहे। पौड़ी सीट से भाजपा के उम्मीदवार के अतिरिक्त 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था। वर्ष 2000 में वह नवगठित उत्तराखण्ड के प्रथम शिक्षामंत्री चुने गए थे। इसके बाद 2007 में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड के प्रदेश महामंत्री रहे। तत्पश्चात प्रदेश चुनाव अधिकारी और प्रदेश सदस्यता प्रमुख रहे। वर्ष 2013 में उत्तराखंड दैवीय आपदा प्रबन्धन सलाहकार समिति के अध्यक्ष रहे।

राष्‍ट्रीय टीम में जगह बनाने वाले उत्‍तराखंड से दूसरे सदस्‍य अनिल बलूनी हैं। इन्‍हें मीडिया संयोजक की जिम्‍मेदारी दी गई है। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के एक छोटे से गाँव नकोट से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में एक मजबूत पहचान बनाई है। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति, पत्रकारिता और पार्टी संगठन के विभिन्न अहम दायित्वों से होते हुए आगे बढ़ा है। दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के दौरान वे छात्र राजनीति और संघ परिवार के संपर्क में आए। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद, उन्होंने साल 2002 के पहले विधानसभा चुनाव में कोटद्वार सीट से भाजपा के टिकट पर पर्चा दाखिल किया था, लेकिन, किन्हीं कारणों से उनका नामांकन रद्द हो गया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी संगठन में अपनी पकड़ मजबूत की। उन्हें भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और मुख्य प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले बलूनी ने राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा। साल 2018 से 2024 तक वे उत्तराखंड से राज्यसभा के सदस्य रहे। वर्ष 2024 के आम चुनावों में उन्होंने गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में शानदार जीत दर्ज की और 18वीं लोकसभा के सांसद बने। वर्तमान में वे संसद में विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाले महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री (सेंट्रल ऑफिस सेक्रेटरी) नियुक्त किया गया है। कुमाऊं क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले महेंद्र पांडे का सांगठनिक राजनीति में लंबा और सक्रिय सफर रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में पार्टी के संगठन मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण कार्य किया। वह भाजपा के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के केंद्रीय प्रभारी रहे। वर्ष 2016 में उन्हें पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय का कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया था। अगस्त 2026 में घोषित नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उन्हें राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री का दायित्व मिला है। उन्हें पर्दे के पीछे रहकर पार्टी की कार्यप्रणाली, अनुशासन और कार्यालय प्रबंधन को सुचारू रूप से चलाने वाला कुशल संगठनकर्ता माना जाता है।

उत्तराखंड मूल के आलोक भट्ट को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। भट्ट लंबे समय से पार्टी के वैचारिक और डिजिटल अभियानों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने पार्टी के सोशल मीडिया और वैचारिक संवाद को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है। उनके अब तक के कार्यों को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल और सोशल मीडिया प्रबंधन की यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।