औषधीय गुणों से भरपूर है अरंडी का तेल, बालों की ग्रोथ के लिए इन 5 चीजों के साथ करें यूज
अगर आप बालों की ग्रोथ को रॉकेट जैसी स्पीड देना चाहते हैं, तो अरंडी के तेल में इन 5 देसी चीजों को मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
नारियल का तेल
अरंडी का तेल बहुत गाढ़ा होता है, इसलिए नारियल का तेल इसे हल्का करने का सबसे अच्छा तरीका है। इसके लिए, दो चम्मच नारियल के तेल में एक चम्मच अरंडी का तेल मिलाएं। इसे हल्का गुनगुना करें और रात में सोने से पहले अपने स्कैल्प पर अच्छे से मसाज करें। सुबह माइल्ड शैम्पू से धो लें। यह बालों को अंदर से पोषण देता है और उन्हें रेशमी बनाता है।
प्याज का रस
प्याज के रस में सल्फर भरपूर मात्रा में होता है, जो बालों को झड़ने से रोकता है और नए बाल उगाने में मदद करता है। ऐसे में, दो चम्मच प्याज के रस में एक चम्मच अरंडी का तेल अच्छी तरह मिला लें। इसे रुई की मदद से बालों की जड़ों में लगाएं और 30-40 मिनट बाद धो लें। यह कॉम्बिनेशन बालों की ग्रोथ को दोगुना कर सकता है।
मेथी दाना
मेथी दाना बालों को मजबूत बनाने और स्कैल्प को हेल्दी रखने के लिए जाना जाता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए एक चम्मच मेथी दाने को रात भर पानी में भिगो दें। सुबह इसका पेस्ट बना लें और उसमें एक चम्मच अरंडी का तेल मिला लें। इस हेयर मास्क को 45 मिनट तक बालों में लगा रहने दें और फिर धो लें। इससे बाल मोटे और घने होते हैं।
एलोवेरा जेल
अगर आपके बाल रूखे और बेजान हो गए हैं, तो एलोवेरा जेल आपके लिए जादू की तरह काम करेगा। यह स्कैल्प को ठंडक पहुंचाता है। इसलिए, ताजे एलोवेरा जेल के दो चम्मच लें और उसमें एक चम्मच अरंडी का तेल मिलाएं। इसे जड़ों से लेकर बालों के सिरों तक लगाएं। एक घंटे बाद बाल धो लें। इससे आपके बालों में एक प्राकृतिक चमक आ जाएगी।
आंवला
आंवला विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। यह न सिर्फ बालों की ग्रोथ बढ़ाता है, बल्कि उन्हें समय से पहले सफेद होने से भी रोकता है। आंवला पाउडर को थोड़े से पानी में मिलाकर पेस्ट बना लें और उसमें अरंडी का तेल मिला लें। आप चाहें तो आंवले के तेल में भी अरंडी का तेल मिला सकते हैं। इस मिश्रण को हफ्ते में एक बार स्कैल्प पर जरूर लगाएं।
