उद्यमी बिजय सिंह तोमर सिडकुल बोर्ड के स्वतंत्र निदेशक नियुक्त
देहरादून। लघु उद्योग भारती उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष उद्यमी बिजय सिंह तोमर को उत्तराखंड राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सिडकुल) बोर्ड का स्वतंत्र निदेशक बनाया गया है। सचिव विनय शंकर पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तोमर की स्वतंत्र निदेशक के तौर पर नियुक्ति ‘कंपनी (निदेशक की नियुक्ति और योग्यता) नियम, 2014’ के तहत की गई है।
उनकी जिम्मेदारी सिडकुल के कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना, सुशासन सुनिश्चित करना और हितों के टकराव को मुख्य रूप से रोकना है। इसके अलावा उनकी यह नियुक्ति प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में औद्योगिक विकास और नीति निर्धारण में निजी क्षेत्र के अनुभवों का लाभ लेने के लिए भी की गई है।
नवनियुक्त स्वतंत्र निदेशक बिजय सिंह तोमर ने नए दायित्व देने पर महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शासन के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि मैं पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करने का प्रयास करूंगा। गौरतलब है कि कॉर्पोरेट गवर्नेंस, ऑडिट कमेटी और नियमों के पालन के लिए, सिडकुल के बोर्ड में बाहरी विशेषज्ञों या प्रतिष्ठित उद्योगपतियों को ‘स्वतंत्र निदेशक’ के रूप में नामित किया जाता है।
