प्रतिष्ठानों में पूजे गए ब्रह्मांड के रचयिता विश्वकर्मा
” य इमा विश्वा भुवनानि जुहोति ऋषिर्होता न्यसीदत्पिता नः।
स आशिषा द्रविणमिच्छमानः प्रथमच्छदवराँ आविशेड्॥ ”
अर्थ: जो संपूर्ण ब्रह्मांड के रचयिता और हमारे पिता के समान हैं, जो समस्त रचनाओं का ज्ञान देने वाले हैं, हम उनकी वंदना करते हैं।
देहरादून। उक्त मंत्रोच्चारण के साथ शिल्प देव भगवान विश्वकर्मा की पूजा की धूम बृहस्पतिवार को पूरे लघु उद्योग भारती परिवार के प्रतिष्ठानों में देखने को मिली। सुबह से उद्यमी फैक्ट्री से लेकर दुकानों तक में पूजा की तैयारियों में व्यस्त रहे। मशीनों और औजारों की साफ-सफाई कर उनकी विधिवत पूजा की गई। पूजा अर्चना के बाद कर्मचारियों और उनके परिजनों को प्रसाद बांटा गया। कई प्रतिष्ठानों में भंडारे आयोजित किए गए। जिनमें दिनभर भीड़ जुटी रहीं।
सेलाकुई स्थित शिवा पैकेजिंग में पूजा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय श्री डा. विजय सिंह तोमर जी भाई साहब इस दौरान मौजूद रहे। कंपनी के जीएम एवं देहरादून ग्रामीण के जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र भटट जी ने कर्मचारियों, उनके परिजनों और आसपास के लोगों को स्वयं प्रसाद वितरित कराया। करीब दो सौ लोगों ने भोग प्राप्त किया।
देहरादून, कांवली रोड स्थित हिमगिरी पैकर्स में पूजा अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राजीव गोयल जी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री संजय गुप्ता जी, भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री राहुल देव डंड जी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री राजेश जायसवाल जी, श्री मयंक गर्ग जी, श्री पीएन यादव जी, देहरादून जिले के सचिव श्री राकेश मल्होत्रा जी, सदस्य श्री रमेश सल्ल जी, श्री मधुसूदन बलूनी जी आदि ने विशेष भूमिका निभाई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राजीव गोयल जी ने बताया कि पांच सौ से अधिक लोग भंडारे में शामिल हुए। संगठन के कई प्रतिष्ठानों में श्रमिकों का सम्मान भी किया गया। मान्यता है कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा से व्यक्ति को गृह, वाहन और अन्य सभी सुख सुविधाओं की प्राप्ति होती है।
