सुक्खू सरकार के कैबिनेट मंत्री अपनी ही पार्टी पर बरसे, बोले- कांग्रेस में लोकतंत्र खत्‍म

 

शिमला। सुक्खू सरकार के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी अपनी ही पार्टी की सरकार पर जमकर बरसे। कहा- किन्नौर में कांग्रेस पार्टी का झंडा उठाते हुए उन्‍हें 40 वर्ष हो गए हैं। उन्होंने ऐसे समय में जिले में पार्टी के झंडे को आगे किया था, जब पार्टी को कोई जानता तक नहीं था। मैंने उस जमाने से कांग्रेस को सींचा है। आज जब सब कुछ बना दिया है तो कुछ छतरीधारी लोग आ गए हैं। अब देखते हैं वो छतरी, पैराशूट्स धारी कितना-क्या करते हैं? उनके इस बयान से प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अंदर घमासान मचा हुआ है।

दरअसल, पिछले दिनों कांग्रेस ने किन्नौर जिला और तीन ब्लॉकों की पार्टी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। ऐसे में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को भंग किए जाने और सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनदेखी को लेकर आपत्ति जताई है।

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास और जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने पार्टी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुरानी कार्यकारिणी के नेताओं को दरकिनार कर 56 सदस्यों की नई कमेटी बनाई गई थी। लेकिन, किन्नौर की यह कार्यकारिणी थी कहां? जो असली किन्नौर के कांग्रेसी थे, उनमें से एक भी व्यक्ति को जिला कांग्रेस कार्यकरणी में नहीं लिया गया। सारे जयचंद और स्लीपर सेल के लोग कार्यकरणी में घुसा दिए गए थे। इस पर ब्लॉक और जिला कार्यकरणी को निरस्त कर दिया गया था। उन्‍होंने कहा, जिला कार्यकरणी में जो 56 लोग लिए गए थे, उनमें से एक भी कांग्रेसी नही था।

कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा, “किन्नौर में जो डीसीसी बनाई गई थी, उसमें किन्नौर के पुराने और सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। नई कमेटी में ज्यादातर ऐसे लोगों को शामिल किया गया था, जो पहले संगठन में सक्रिय ही नहीं थे। किन्नौर में 3,000 से ज्यादा लोगों की सदस्यता ले रखी है। जबकि ये जो 56 हैं, इनमें से कितने लोगों की मेंबरशिप पार्टी की है? मुझे तो लगता है, जो अध्यक्ष भेजा गया। उसके पास भी पार्टी की मेंबरशिप नहीं है।