सरकारी जमीन पर छत डालने की तैयारी

 

जिलाधिकारी और एमडीडीए में शिकायत के बाद भी नहीं रुका निर्माण कार्य 

देहरादून। अतिक्रमण के खिलाफ प्रदेश सरकार सख्‍त है। चिहिन्‍त जगहों पर सरकार के निर्देश पर प्रशासन हरकत में आया और बुलडोजर भी चलाए। लेकिन, यह सख्‍ती तभी तक रहती है जब सरकार खुद डंडा लेकर अधिकारियों के पीछे रहती है। अपने स्‍तर पर अधिकारी कुछ करने को राजी नहीं हो रहे हैं। इसका एक उदाहरण सहस्‍त्रधारा रोड स्थित एकता विहार कालोनी में वन विभाग की जमीन पर किया गया अतिक्रमण है। आसपास के लोगों ने शिकायत जिलाधिकारी और एमडीडीए में भी की। लेकिन, आज तक कार्रवाई नहीं हुई। तस्‍वीर देखिए, अब छत डलने को तैयार है।

16 जून 2025 को कालोनी के एक व्‍यक्ति ने जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस पर लिखित में बताया कि आरोपी महिला के नाम 100 गज का प्‍लाट है। लेकिन, वे वन विभाग की जमीन पर कब्‍जा कर करीब 500 गज पर बिना नक्‍शा पास करवाए मकान बनवा रही है। इतना ही नहीं उसने वन विभाग की ओर से बनाई गई मुनारें भी ध्‍वस्‍त करवा दी हैं। इसकी शिकायत कालोनीवासी वन विभाग में भी कई बार कर चुके हैं। लेकिन, विभागीय कर्मचारी और पुलिस मौके पर आती है। लेकिन, आज तक काम नहीं रुकवा पाए। कर्मचारियों के सामने कुछ समय के लिए काम बंद किया जाता है लेकिन, जैसे ही वे चले जाते हैं काम शुरू हो जाता है। जुलाई 2025 को एमडीडीए में भी शिकायत की। एमडीडीए ने अब आरोपी महिला को छह अगस्‍त 2025 को उपस्थित होने का आदेश जारी किया है। लेकिन, उससे पहले अतिक्रमण कर बनाए जा रहे मकान पर छत डलने का दावा कालोनी के लोग कर रहे हैं। और, इसकी पुष्टि मौके की तस्‍वीरें भी कर रही हैं।