शताब्‍दी वर्ष में हर गांव हर घर तक पहुंचेगा संघ

आरएसएस के दिल्‍ली स्थित कार्यालय में आयोजित अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक में तय किया लक्ष्‍य

दिल्‍ली। (एंजेसी) राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सोमवार को बताया कि संघ ने शताब्‍दी वर्ष के दौरान देश के हर गांव, हर घर तक पहुंचने की योजना बनाई है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल और शहरी क्षेत्रों में बस्‍ती स्‍तर पर हिंदू सम्‍मेलनों का आयोजन किया जाएगा। वर्तमान में देश में संघ रचना से 58934 मंडल और 44055 बस्तियां हैं।

संघ के दिल्‍ली स्थित कार्यालय केशव कुंज में आयोजित राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक के समापन के बाद आयोजित प्रेस ब्रीपिफंग में आंबेकर ने बैठक के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर दिल्‍ली प्रांत संघचालक डॉ़ अनिल अग्रवाल, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख द्वय नरेंद्र ठाकुर और प्रदीप जोशी उपस्थित रहे। सुनील आंबेकर ने बताया कि प्रांत प्रचारक बैठक में शताब्‍दी वर्ष की योजना पर चर्चा हुई। शताब्‍दी वर्ष के दौरान संघ ने 58964 मंडल और 44055 बस्तियों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल और शहरी क्षेत्रों में बस्‍ती स्‍तर पर हिंदु सम्‍मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन सम्‍मेलनों में समाज के उत्‍सवों, सामाजिक एकता और सद्भाव बैठकों का आयोजन किया जाएगा। वृहद गृह संपर्क अभियान में हर गांव, हर बस्‍ती के अधिकतम घरों तक पहुंचने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

तीन माह में आयोजित किए 100 प्रशिक्षण वर्ग
सुनील आंबेकर ने बताया कि अप्रैल से जून तक पूरे भारतवर्ष में 100 प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए। 40 साल से कम आयु वर्ग के स्‍वयंसेवकों के लिए आयोजित 75 वर्गों में 17609 स्‍वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्‍त किया। जबकि 40 से 60 साल तक की आयु के लिए आयोजित 25 वर्गों में 4270 शिक्षार्थियों ने हिस्‍सा लिया। इन प्रशिक्षण वर्गों में देश के 8812 स्‍थानों से स्‍वयंसेवकों की सहभागिता रही।