दिल्ली में धमाका, उत्तराखंड में हाईअलर्ट
देहरादून। दिल्ली के लालकिले के पास हुए कार धमाके के बाद उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे प्रदेश में हाईअलर्ट जारी कर दिया है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने के निर्देश जारी किए। उसके बाद से प्रदेश की पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। सोमवार शाम को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान रातभर जारी रहा। राज्य में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की बारीकि से जांच की जा रही है। मंदिर, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। बाजार, मॉल, बस अडडे और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़ वाले स्थानों पर पुलिसबल बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी को फैलने से रोका जा सके। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को सक्रिय कर दिया गया है।
