विकसित उत्तराखंड के बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं : अमित शाह

ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मनोज सरकार स्‍टेडियम में वैश्विक निवेशक सम्‍मेलन आयोजित

रुद्रपुर। वैश्विक निवेशक सम्‍मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमितशाह ने प्रदेश सरकार की नीतियों की जमकर सराहना की। कहा- मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने एक लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर विकास की दिशा में बड़ा कदम हासिल किया है।

इससे 81 हजार नए रोजगार सृजन का रास्ता साफ हुआ है। साथ ही सहायक उद्योगों के जरिए ढाई लाख से अधिक नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद जगी है। इसके लिए धामी सरकार बधाई की पात्र है।

शनिवार को ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मनोज सरकार स्‍टेडियम में आयोजित सम्‍मेलन में शाह ने कहा, मैदानी राज्‍यों में निवेश लाना आसान होता है। जबकि उत्‍तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक स्थिति वाले प्रदेश में निवेशकों को लुभाना बेहद कठिन होता है। लेकिन, राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए नीति में पारदर्शिता, क्रियान्वयन में तीव्रता और अपनी दूरदर्शिता के साथ विकास का नया खाका खींचने में सफल रही है। कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में विकास का खाका खींचते हुए हर क्षेत्र में नए रिकॉर्ड स्‍थापित कर रही है। अटल जी देश की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर पर छोड़ गए थे। मोदी सरकार इसे चौथे नंबर पर ले आने में सफल हुई है। साल-2027 में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है। लेकिन, विकसित उत्तराखंड के बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। उत्‍तराखंड, जहां ज्‍योर्तिलिंग, तीन शक्तिपीठ, चारधाम, पंच प्रयाग, पंच केदार, बदरी विराजमान हों उसके विकास को कोई रोक नहीं सकता।

गृहमंत्री ने कहा, उत्‍तराखंड में 12 माह पर्यटक आते रहें इसके लिए केंद्र सरकार हर मदद कर रही है आगे भी करती रहेगी। अब आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक उपचार और जैविक खेती उत्‍तराखंड के विकास का आधार बनेंगे। यहां परंपरा भी है। वातावरण भी है और लोगों की श्रद्धा भी है। उत्‍तराखंड के सभी क्षेत्रों में कई गुअना ज्‍यादा निवेश और पर्यटकों को लाने की संभावना बढ़ी है। इस मौके पर गृह मंत्री ने 1263.5 करोड़ रूपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 79.34 करोड़ रूपये की 4 योजनाओं का लोकार्पण किया।

उद्योगों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जा रहा -धामी 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समारोह आर्थिक निवेश के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध संभावनाओं, उद्यमिता की भावना और जन भागीदारी पर आधारित समावेशी विकास का प्रतिबिंब है। राज्य को आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा। आज 1342 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों में से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड निवेश, नवाचार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकसित भारत के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तराखंड में भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। कहा कि राज्य में औद्योगिक, लॉजिस्टिक, स्टार्ट-अप, एमएसएमई नीति सहित 30 से अधिक नीतियों को लागू कर राज्य में उद्योगों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। निवेश प्रोत्साहन के लिए `निवेश मित्र’ की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। करीब 13 सौ करोड़ रूपये की लागत से खुरपिया में स्थापित होने वाली इंडस्ट्रियल स्‍मार्ट सिटी भी उत्तराखंड के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तराखंड को एचीवर्स और स्टार्ट-अप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी प्राप्त हुई है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि उत्तराखंड निवेशकों के मध्य, विश्वसनीय, प्रतिस्पर्धात्मक और भविष्य के लिए तैयार गंतव्य के रूप में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा है। उत्तराखंड निवेशकों को शांतिप्रिय वातावरण के साथ ही कुशल प्रशासन के जरिए हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। पतंजलि समूह के संस्थापक बाबा रामदेव ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रकृति और पर्यावरण के साथ आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है।

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, महेंद्र भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक भी उपस्थित रहे। शुरुआत में सांस्कृतिक दलों ने मंगलगान के जरिए अतिथियों का स्वागत किया।