आईआईटी रुड़की के पांच छात्र निष्कासित, दो निलंबित
एमटेक के छात्र पर हमले के आरोप में की गई कार्रवाई
छात्र की हालत गंभीर, देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल किया रैफर
पीडि़त छात्र रात को सीनियर से मिल लौट रहा था हॉस्टल
आरोपी छात्रों की अनुशासनहीनता पर आईआईटी सख्त
रुड़की। अपने सीनियर साथी से मिलकर हॉस्टल लौट रहे आईआईटी रुड़की के एक छात्र पर कुछ छात्रों ने हमला कर दिया। लहूलुहान छात्र को मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे देहरादून मैक्स अस्पताल रैफर कर दिया। आरोपी पांच छात्रों को संस्थान ने निष्कासित कर दिया है। जबकि दो छात्रों पर निलंबन की तलवार लटकी हुई है।
किशन सिंह केसरी आईआईटी रुड़की में एमटेक पंचम एवं अंतिम वर्ष के छात्र हैं। वे मूल रूप से हीरापुर, धनबाद, झारखंड के निवासी हैं। यह संस्थान के गोविंद भवन में रहते हैं। रात करीब 11 बजे वे परिसर से बाहर अपने सीनियर छात्र अनुज पोपली से मिलने के लिए पास स्थित एक होटल में गए थे। आरोप है लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे आईआईटी के छात्र वैभव सिंह, विपिन कुमार, उत्कर्ष, अनमोल राज और नितिन प्रताप सिंह ने उसके सिर पर पीछे से कांच की बोतलें से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे किशन जमीन पर गिर गया। उसके बाद आरोपियों ने लात घूसे बरसाए। मौके पर भीड़ जुटते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ लोगों ने घायल किशन को संस्थान के अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे देहरादून मैक्स अस्पताल रैफर कर दिया। पीडि़त छात्र की तहरीर पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जबकि आईआईटी स्टूडेंटस अफेयर काउंसिल ने आरोपी पांचों छात्रों को संस्थान से निष्कासित कर दिया। जबकि दो छात्रों को निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में संस्थान की मीडिया पर्सन सोनिका श्रीवास्तव ने जारी प्रेस नोट में कहा है कि आरोप छात्रों को कदाचार और अनुशासनहीनता को देखते हुए आईआईटी के नियमानुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
