चारधाम यात्रा मार्ग पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 17 कारोबारियों को नोटिस
रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी मनोज सेमवाल ने बताया कि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों तथा खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक पनीर, दूध, घी, मसाले, आटा, बेसन, खाद्य तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 21 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता में कमी, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण और बिना लाइसेंस कारोबार संचालित करने जैसे मामलों में 17 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं पांच मामलों में न्यायालय में वाद दायर किए जा चुके हैं। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने तीन मामलों में सुनवाई करते हुए दो प्रतिष्ठानों पर 25-25 हजार रुपये तथा एक प्रतिष्ठान पर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
