सीएम धामी ने बढ़ाया मंत्री सौरभ बहुगुणा का कद, सीनियर असहज

 

देहरादून: उत्तराखंड के मंत्रिमंडल को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी हुआ एक आदेश सियासी चर्चा का विषय बन गया है। मामला पांच करोड़ से बड़ी योजनाओं का है। जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रिमंडल के लिए नया गेटवे तैयार कर लिया है। इस आदेश के तहत बड़ी योजनाओं की विस्‍तृत रिपोर्ट जुटाने की जिम्मेदारी युवा मंत्री सौरभ बहुगुणा को दी गई है। जिससे सियासी चर्चाएं तेज हो गई है। साथ ही पुराने और बड़े नेता असहज दिख रहे हैं।

धामी कैबिनेट में राजनीति के बड़े-बड़े धुरंधर मौजूद हैं। बावजूद इसके बड़ी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सबसे युवा मंत्री सौरभ बहुगुणा पर ही भरोसा जताया है। ये, जिम्मेदारी पांच करोड़ से ज्यादा की योजनाओं को लेकर है, जिस पर सभी मंत्रियों को डीटेल्ड रिपोर्ट सौरभ बहुगुणा को देनी है। पत्र मुख्यमंत्री के प्रमुख निजी की तरफ से भेजा गया।  खास बात यह है कि इसके लिए बाकायदा एक आदेश जारी किया गया है।  जिसने सियासी रूप से कई तरह की चर्चाएं शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय से युवा मंत्री सौरभ बहूगुणा को विशेष जिम्मेदारी देने वाला यह पत्र मुख्यमंत्री के प्रमुख निजी सचिव भूपेंद्र सिंह बसेड़ा की तरफ से सभी मंत्रियों के मुख्य, वरिष्ठ और निजी सचिवों को लिखा गया है, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि विभिन्न विभागों में चल रही योजनाएं जिनकी लागत 5 करोड़ से ज्यादा है और जनहित में लाभकारी है, उन योजनाओं का विवरण और ब्रीफ नोट तैयार करके कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के अवलोकन के लिए भेजे जाएं. हालांकि इसकी एक प्रति मुख्यमंत्री को भी भेजने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में अब चुनावी वर्ष शुरू हो चुका है और यदि समय पर भी चुनाव होते हैं तो सरकार के पास 7 से 8 महीने का ही वक्त बचा है। ऐसे में बड़ी योजनाओं के लिए सरकार की तरफ से मंत्रियों को पत्र लिखना और इसके लिए बाकायदा एक मंत्री को नोडल के रूप में जिम्मेदारी देना भविष्य की राजनीति को भी बताता है।