Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 31, 2026

देहरादून-ऋषिकेश फॉर लेन परियोजना में पेड़ों के कटान पर रोक

मुख्‍यमंत्री धामी ने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को सभी हितधारकों के साथ फिर से संवाद स्थापित करने के दिए निर्देश 

देहरादून। देहरादून-ऋषिकेश (भानियावाला-जॉलीग्रांट) फॉर-सिक्‍स लेन परियोजना में 4000 पेड़ों के कटान के आदेश का भारी विरोध होने पर आखिर सरकार को झुकना पड़ा। मुख्‍यमंत्री धामी ने परियोजना में पेड़ों के कटान पर रोक लगा दी है। साथ ही प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को सभी हितधारकों के साथ फिर से संवाद स्थापित करने के निर्देश जारी किए हैं।

शनिवार को देहरादून–ऋषिकेश 4-6 लेन परियोजना को लेकर पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। जनभावनाओं और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का माहौल नहीं बन जाता, तब तक इस परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान पूरी तरह स्थगित रहेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेरे लिए उत्तराखंड की प्रकृति, जनभावनाएं और प्रदेश का विकास तीनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। हमारी सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे बढ़ेगी। उन्होंने इस विषय में प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ फिर से एक विस्तृत संवाद स्थापित करें।

वैधानिक स्वीकृतियों के साथ वन्यजीव संरक्षण का भी है प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है। इस पर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक व पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए ही कार्यवाही की जा रही थी। परियोजना के तहत वन्यजीवों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस मार्ग पर अक्सर होने वाली मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास बनाने का प्रावधान है।

743 करोड़ रुपये की है परियोजना

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा ₹743 करोड़ की इस परियोजना का उद्देश्य यात्रा के समय को कम करना, जाम से मुक्ति दिलाना और जौलीग्रांट हवाई अड्डे तक बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना है।