Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 31, 2026

11 लावारिस पशुओं को पालने पर उत्‍तराखंड सरकार देगी 12 हजार रुपये प्रतिमाह

चारे के लिए प्रति पशु 80 रुपये प्रतिदिन की सहायता अतिरिक्‍त दी जाएगी

देहरादून। उत्‍तराखंड सरकार ने लावारिस पशुओं के संरक्षण के लिए बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया यदि कोई व्यक्ति 11 लावारिस गोवंशों का संरक्षण करता है तो सरकार उसे 12 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। इसके अलावा चारे के लिए प्रति पशु 80 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्‍त सहायता देगी। इससे गोवंशों के बेहतर पालन-पोषण को प्रोत्साहन मिल सकेगा।
रविवार को मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, लावारिस गोवंश छोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार गोवंश संरक्षण और पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कड़े कदम उठा रही है साथ ही निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। राज्य सरकार बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजना संचालित कर रही है। इसके तहत यदि किसी किसान या बकरी पालक को पांच बकरियां उपलब्ध कराई जाती हैं और उनकी संख्या बढ़कर दस हो जाती है, तो प्रदेश सरकार की ओर से दो अतिरिक्त बकरियां पालक को नि:शुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जो किसानों और पशुपालकों के लिए लगातार सुविधाजनक और लाभकारी योजनाएं संचालित कर रहा है। पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे राज्य में विशेष टीमों का गठन किया गया है।

बरसात के मौसम में सतर्क रहने के निर्देश
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि बरसात के मौसम में पशुओं में फैलने वाली बीमारियों को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिलों के अधिकारी राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार कार्य कर रहे हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर वह स्वयं लगातार नजर बनाए हुए हैं।