सुक्खू बोले- भाजपा के 16 विधायक हारेंगे, जयराम का तंज- आने वाले चुनाव में सीएम बता रहे कांग्रेस की दुर्दशा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर मंगलवार को जहां प्रदेशवासी उन्हें नमन कर रहे थे। वहीं इस मौके पर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई। शिमला के रिज मैदान में स्थापित डॉ. परमार की प्रतिमा और विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा पुस्तकालय में डा. परमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह के मंच के बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी और आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया। डा. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर रिज मैदान पर परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री सहित प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री व विधायक विधानसभा में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए।
भाजपा का जनाधार पूरी तरह खिसकने वाला है: सीएम
समारोह के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के आगामी राजनीतिक परिदृश्य को लेकर बड़ा दावा किया। भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा का जनाधार पूरी तरह खिसकने वाला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के मौजूदा 28 विधायकों में से 16 विधायक अगले विधानसभा चुनाव में अपनी सीट नहीं बचा पाएंगे और वापस सदन में नहीं आ सकेंगे।
कांग्रेस की स्थिति प्रदेश में और भी ज्यादा दयनीय होगी : जयराम
मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा भाजपा के 16 विधायकों के हारने के दावे पर तीखा पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री इन दिनों भविष्यवक्ता की भूमिका में आ गए हैं। जयराम ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बयानों को अब प्रदेश की जनता तो दूर, उनकी अपनी कांग्रेस पार्टी के लोग और नेता भी गंभीरता से नहीं लेते। ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री भाजपा की नहीं, बल्कि खुद कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी दुर्दशा और भविष्य की तस्वीर बता रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस की स्थिति प्रदेश में और भी ज्यादा दयनीय होने वाली है।
