Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

September 2, 2026

दून के नयागांव और सुभाषनगर में बिछेगी रेललाइन

सहारनपुर से देहरादून रेललाइन वाया शाकुंबरी देवी के सर्वेक्षण कार्य को मिली मंजूरी

रेलमंत्री अश्‍वनी वैष्‍णव ने राज्‍यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में दी जानकारी

सहारनपुर/देहरादून। दून के नयागांव और सुभाषनगर में जल्‍द रेलवेलाइन बिछेगी। केंद्र सरकार ने सहारनपुर से देहरादून रेललाइन वाया शाकुंबरी देवी के सर्वेक्षण कार्य को मंजूरी दे दी है। रेलमंत्री अश्‍वनी वैष्‍णव ने राज्‍यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में इसकी जानकारी दी है।
उन्‍होंने बताया कि रेलवे यात्री सुविधाओं के विस्‍तार में केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। इससे पहले सर्वे टीम ने हाइड्रोलिक कैलकुलेशन पूरा किया था। जिन स्‍थानों पर रेललाइन बिछाई जानी है वहां मिटटी परीक्षण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। मैदान और शिवालिक पहाडि़यों से लिए गए मिटटी के सैंपल में कोई अवरोध होने की बात सामने नहीं आई थी। वर्तमान में सहारनपुर से देहरादून जाने के लिए यात्रियों को वाया हरिद्वार होकर जाना पड़ता है। नईलाइन बिछने से दून से सहारनपुर के बीच 112 किलोमीटर की दूरी घटकर 81 किलोमीटर रह जाएगी। रेललाइन का काम पूरा होने पर सफर मात्र डेढ़ घंटे में पूरा हो जाएगा।

रेलमंत्री अश्‍वनी वैष्‍णव ने बताया, पहले चरण में सहारनपुर से शाकुंबरी देवी तक 40 किलोमीटर लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। जबकि दूसरे चरण में शाकुंबरी देवी से हर्रावाला देहरादून तक 41 किलोमीटर लाइन बिछेगी। यह पूरी लाइन शिवालिक पहाडि़यों के बीच से होकर गुजरेगी। इस रूट को बनाने में रेलवे को 11 किमी लंबी सुरंग और 106 छोटे-बड़े पुल बनाने होंगे।

यह हैं प्रस्‍तावित स्‍टेशन-यार्ड
उत्‍तर प्रदेश के सीमाक्षेत्र में पिल्‍लखनी में जंक्‍शन बनेगा, चिलकाना में स्‍टेशन, बीबीपुर डंडौली में हाल्‍ट, बेहट में स्‍टेशन और मां शांकुभरी देवी में स्‍टेशन बनेगा। इसके अलावा उत्‍तराखंड के नयागांव और सुभाषनगर में स्‍टेशन बनेगा। इसके अलावा हर्रावाला में जंक्‍शन प्रस्‍तावित हैं।